हर्षाेल्लास से मनाई गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सेंट जेवियर्स हाई स्कूल एलवल में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबन्धक प्रशांत चंद्रा, आवासीय प्रबंधक प्रद्युम्न जायसवाल एवं अनिरुद्ध जायसवाल, प्रधानाचार्य विनय पाण्डेय, सीएओ साक्षी बिसेन, उप-प्रधानाचार्य संजय कुमार पाण्डेय, कोऑर्डिनेटर धीरेन्द्र भारद्वाज एवं मोना सिंह ने सयुंक्त रूप से भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा के समक्ष पूजन एवं दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने श्रीकृष्ण-राधा की मनमोहक झाँकियाँ, भजन, नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने श्रीकृष्ण एवं राधा के मनमोहक रूप में सजकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मटकी फोड़ प्रतियोगिता रही। विद्यालय के चारो हाउस के विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह, उमंग और टीम भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लिया। मटकी फोड़ने के प्रयास के दौरान विद्यालय परिसर तालियों और “जय श्रीकृष्ण” के जयघोष एवं ’हाथी घोड़ा पालकी जय कन्हैया लाल की’ से गूँज उठा। इस प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों में सहयोग, अनुशासन, साहस एवं नेतृत्व की भावना को प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम में येलो हाउस प्रथम रहा तथा विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। पूरा विद्यालय परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य विनय पाण्डेय ने सभी विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार को जन्माष्टमी की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ उनकी प्रतिभा को निखारने का अवसर प्रदान करते हैं।
रिपोर्ट-सुबास लाल/ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *