अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। थाना अतरौलिया परिसर में मंगलवार को फायर सर्विस बुढ़नपुर यूनिट की ओर से अग्नि सुरक्षा जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान थाना स्टाफ के साथ मौजूद आम जनमानस को आग से बचाव और आपात स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में जानकारी दी गई।
फायर सर्विस बुढ़नपुर के यूनिट प्रभारी राम प्रसाद पांडेय के नेतृत्व में राघव राम पांडेय और राकेश कुमार ने लोगों को आग लगने के प्रमुख कारणों और उससे बचाव के विभिन्न तरीकों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल सतर्कता बरतते हुए सुरक्षित स्थान पर पहुंचना चाहिए और समय रहते अग्निशमन विभाग को सूचना देनी चाहिए। प्रशिक्षण के दौरान घरेलू गैस सिलिंडर, बिजली के शॉर्ट सर्किट तथा अन्य कारणों से लगने वाली आग से बचाव के उपाय बताए गए। साथ ही आग लगने पर अग्निशमन उपकरणों के सही इस्तेमाल और प्राथमिक स्तर पर आग पर काबू पाने के तरीकों की जानकारी भी दी गई। फायर सर्विस कर्मियों ने लोगों से अपील की कि वे अपने घरों और प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा के मानकों का पालन करें तथा ज्वलनशील पदार्थों को सुरक्षित स्थान पर रखें। कार्यक्रम के दौरान थाना स्टाफ एवं आमजन ने अग्नि सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
रिपोर्ट-आशीष निषाद