फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के घियहां गांव में बुधवार शाम बारिश के पानी से भरे गड्ढे में डूबने से 42 वर्षीय मजदूर रामनाथ यादव की मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही गांव में मातम छा गया। गुरुवार को स्वजन के गांव पहुंचने पर घर में कोहराम मच गया।
घियहां गांव निवासी रामनाथ यादव पुत्र केदार यादव बुधवार शाम करीब पांच बजे खेत में खाद डालने के बाद घर लौट रहे थे। बताया जाता है कि खेत के पास शौच के बाद पानी छूने के लिए वह गड्ढे के समीप पहुंचे थे। बारिश के कारण गड्ढे में काफी पानी भरा था। इसी दौरान पैर फिसलने से वह मुंह के बल गड्ढे में गिर गए और गहरे पानी में डूब गए।
कुछ देर बाद उधर से गुजर रहे ग्रामीणों की नजर गड्ढे में पड़े रामनाथ पर पड़ी। ग्रामीणों ने उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। हादसे की खबर मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मृतक के परिवार में एक बेटा और एक बेटी है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भतीजे संजय यादव पुत्र शोभनाथ यादव ने पुलिस को घटना के संबंध में लिखित तहरीर दी है। मृतक की बेटी सहित परिवार के कुछ सदस्य दिल्ली में रहते हैं। सूचना मिलने के बाद वे गुरुवार को गांव पहुंचे। स्वजन के पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय