अमन-शांति के संदेश के साथ निकला जुलूस-ए-मोहम्मदी

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय नगर पंचायत में हर साल की तरह इस बार भी जुलूस-ए-मोहम्मदी हर्षाेल्लास के साथ निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में लोगों ने शिरकत की। अध्यक्षता जामा मस्जिद अतरौलिया के पेश इमाम मौलाना मोहम्मद अब्दुल बारी नईमी आजमी ने की।
उन्होंने कहा कि हजरत मोहम्मद पूरी इंसानियत के लिए आदर्श और रहनुमा हैं। उन्हें पूरी दुनिया के लिए रहमत बनाकर भेजा गया। उनके आगमन से पहले समाज में अनेक बुराइयां व्याप्त थीं। उन्होंने इन बुराइयों के खिलाफ संघर्ष करते हुए लोगों को सही रास्ते पर चलने और इंसानियत की भलाई का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि हजरत मोहम्मद के जीवन में अनगिनत अच्छाइयां थीं और उनका संदेश पूरी मानवता के लिए मार्गदर्शक है। जुलूस-ए-मोहम्मदी निकालने का उद्देश्य लोगों तक अमन, शांति और भाईचारे का पैगाम पहुंचाना है।
नगर पंचायत के विभिन्न मोहल्लों से जुलूस निकलकर जामा मस्जिद के पास एकत्र हुआ। इसके बाद जुलूस दुर्गा मंदिर, सब्जी मंडी, बब्बर चौक, सदर बाजार, बुधनिया, गोला बाजार, बरनवाल चौक और पूरब पोखरा होते हुए वापस जामा मस्जिद पहुंचा, जहां जुलूस का समापन हुआ। जुलूस के दौरान पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद रहा। अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने लोगों से आपसी सौहार्द्र बनाए रखने तथा शांतिपूर्ण ढंग से कार्यक्रम संपन्न कराने की अपील की।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *