एसीएमओ ने किया स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण

शेयर करे

निजामाबाद/फरिहां आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय तहसील क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रानी की सराय अंतर्गत मझगांवा, फरिहा आदि स्वास्थ्य केंद्रों का मंगलवार को एसीएमओ डा. उमाशरण पांडेय ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों एवं आशा कार्यकत्रियों के साथ बैठक कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसीएमओ ने बताया कि रानी ब्लॉक क्षेत्र में अप्रैल माह से अब तक कुल 553 महिलाओं को जननी सुरक्षा योजना (जेएसवाई) का लाभ दिया गया है, जिसमें 495 महिलाओं को करीब 90 प्रतिशत भुगतान किया जा चुका है। शेष लाभार्थियों का भुगतान भी जल्द कराए जाने की बात कही।
बैठक में उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं की कर्मचारियों को विस्तृत जानकारी दी। साथ ही स्वास्थ्य केंद्रों पर किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने, समय से उपचार एवं दवा वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य केंद्रों पर 24 घंटे में करीब 480 मरीजों का उपचार कर उन्हें दवाएं वितरित की गई हैं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था, कर्मचारियों की उपस्थिति तथा मरीजों को मिल रही सुविधाओं के बारे में भी जानकारी ली।
इस अवसर पर चिकित्सा प्रभारी रानी की सराय डा. कैप्टन मनीष त्रिपाठी, डा. कविता सिंह, डा. शहदाब, एआरओ रुचि सिंह, सीएचओ डा. संतोष सहित चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी एवं आशा कार्यकत्रियां मौजूद रहीं।
रिपोर्ट-वीरेन्द्र मिश्र/जयहिंद यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *