बौद्धिक दिव्यांग बच्चों ने मिट्टी से गढ़े शिवलिंग

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय क्षेत्र के ध्यानीपुर (लोहरा) स्थित कैलाशी महिला विकास समिति द्वारा संचालित कैलाशी बौद्धिक दिव्यांग आवासीय विद्यालय में सावन मास के पावन अवसर पर बच्चों ने श्रद्धा और उमंग के साथ रुद्राभिषेक किया।
कार्यक्रम की शुरुआत में बच्चों ने पुरोहित पंडित रवींद्र पांडेय के सानिध्य में गीली मिट्टी से स्वयं पार्थिव शिवलिंग का निर्माण किया। इसके उपरांत संस्था की प्रबंधक सुनीता देवी और संचालक योगेंद्र की मौजूदगी में सभी दिव्यांग बच्चों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव का रुद्राभिषेक संपन्न किया।
पुरोहित पंडित रवींद्र पांडेय ने उपस्थित बच्चों और विद्यालय कर्मियों को रुद्राभिषेक के धार्मिक व आध्यात्मिक महत्व की जानकारी दी। बच्चों ने अपने उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और मंगलमय जीवन की कामना करते हुए पूरे उत्साह से पूजन में भाग लिया। अनुष्ठान के समापन पर आरती कर सभी में प्रसाद का वितरण किया गया।
इस अवसर पर धर्मेंद्र, दिवाकर, नीलेश, सुमित, विजयमणि, अजय, रोशनी, राहुल, लीलावती, वंदना, विनीता, प्रियंका, रेनू, अंशिका और नीलम सहित विद्यालय परिवार के सभी शिक्षक व कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *