कालिका शक्तिपीठ में स्थापित हुआ नर्मदेश्वर महादेव का शिवलिंग

शेयर करे

पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सगड़ी तहसील अंतर्गत कालिका शक्तिपीठ, जमीन हरखोरी धनछुला में शनिवार को धार्मिक आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। मां काली के प्राचीन एवं प्रसिद्ध मंदिर परिसर में ग्रामवासियों और श्रद्धालुओं के सहयोग से विधि-विधानपूर्वक नर्मदेश्वर महादेव के शिवलिंग की स्थापना की गई। शिवलिंग स्थापना के दौरान मंदिर परिसर भक्ति गीतों और जयकारों से गूंज उठा।
कालिका शक्तिपीठ की क्षेत्र में काफी पुरानी और व्यापक मान्यता है। दूर-दराज के क्षेत्रों से भी श्रद्धालु मां काली के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचते हैं। मंदिर को ग्रामवासियों के सहयोग से ट्रस्ट में पंजीकृत कराया गया है। मंदिर के पुजारी रणविजय के नेतृत्व में यहां धार्मिक आयोजनों का संचालन किया जाता है।
सावन माह में श्रद्धालुओं और ग्रामीणों की लंबे समय से इच्छा थी कि मंदिर परिसर में मां आदिशक्ति के साथ भगवान शिव की भी स्थापना की जाए। इसी भावना को साकार करते हुए शनिवार को क्षेत्रवासी ग्रामीणों के सहयोग से पूजा-पाठ और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच नर्मदेश्वर महादेव का शिवलिंग स्थापित किया गया।
शिवलिंग स्थापना के उपलक्ष्य में रविवार को दोपहर 12 बजे से मंदिर परिसर में भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में क्षेत्र ही नहीं बल्कि दूर-दराज से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और उमंग देखने को मिली।
रिपोर्ट-बबलू राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *