अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। ईद मिलादुन्नबी सल्लल्लाहो ताला अलैहे वसल्लम के जोलूस के संबंध में एक अहम मीटिंग नगर की जामा मस्जिद अतरौलिया में मौलाना मोहम्मद अब्दुल बारी नईमी आज़मी पेश इमाम जामा मस्जिद अतरौलिया की सरपरस्ती और अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में वार्ड नंबर 6, 7 व वार्ड नंबर 11 की अंजुमन अहबाबे अहले सुन्नत, अंजुमन आशीक़ान ए मुस्तफा अंजुमन तंजीम गुलामान ए मुस्तफा, अंजुमन फिदा ए हक और अबाबील फाउंडेशन के मेंबरों एवं जिम्मेदारों समेत काफी संख्या में लोग इकट्ठा हुए। पैगंबर ए इस्लाम हजरत मोहम्मद की पैदाइश के सिलसिले में हर साल की तरह इस साल भी जोलूस ए मोहम्मदी हर्ष उल्लास के साथ निकालने मस्जिदों, गलियों, मुहल्लों और घरों को सजाने के संबंध में चर्चा हुई। जुलूस को सफलतापूर्वक मनाने के लिए महत्वपूर्ण फैसले लिए गए।
मौलाना मोहम्मद अब्दुल बारी ने बताया कि जुलूस ए मोहम्मदी 12वी रबी उल अव्वल, 26 अगस्त बुधवार रात 9 बजे निकाला जाएगा। जुलूस में किसी भी तरह की आतिशबाजी नहीं की जाएगी। डीजे का प्रयोग नहीं होगा, जुलूस के पीछे डांस करना, नाचना या बदतमीजी करना माना है, जो ऐसा करता हुआ मिल गया तो उसके खिलाफ क़ानूनी कार्रवाई की जाएगी। शरीयत के दायरे में रहते हुए कुर्ता, पजामा, टोपी या साफा के साथ उसमें शामिल होना है। नात पढ़ने वाली अंजुमन लाउडस्पीकर से नात एवं मनक़बत पढ़ती हुई चलेंगी, खाने काबा, गुंबद ए खजरा, और औलिया ए कराम के मजारों के नक्शे ट्रैक्टर ट्राली या ई रिक्शा पर रखा रहेगा जिसका सम्मान करना जरूरी होगा। मोमिनपुरा उत्तरी मोमिनपुरा दक्षिणी और अब्दुल कलाम नगर की अंजुमन जामा मस्जिद अतरौलिया के पास इकट्ठा होंगी और यहीं से मौलाना मोहम्मद अब्दुल बारी नईमी आज़मी की रहनुमाई में दुर्गा मंदिर, सब्जी मंडी, बब्बर चौक से सदर बाजार होते हुए बुधनिया से गोला बाजार, बरनवाल चौक, फिर वहां से मोमिनपुरा दक्षिणी, पूरब पोखरा होते हुए अब्दुल कलाम नगर कसाई टोला जमा मस्जिद के पास समापन हो जाएगा।
रिपोर्ट-आशीष निषाद