देवगांव में जलभराव से हाहाकार, लोगों की बढ़ी मुश्किलें

शेयर करे

लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। देवगांव क्षेत्र में शनिवार को दोपहर बाद हुई तेज बारिश ने जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। जोहर की नमाज के कुछ देर बाद हुई मूसलाधार बारिश से मेहनाजपुर मार्ग समेत आसपास की सड़कों और गलियों में पानी भर गया। मेहनाजपुर मार्ग पर स्थित मस्जिद उमर और न्यूटन ट्रैवल्स के सामने भारी जलभराव होने से नमाजियों, राहगीरों और स्थानीय दुकानदारों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बारिश के बाद मस्जिद उमर के आसपास सड़क पर जगह-जगह पानी भर जाने से नमाज के लिए आने वाले लोगों को पानी से होकर गुजरना पड़ा। बुजुर्गों, बच्चों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ी। कई लोगों को अपने कपड़े और सामान बचाते हुए जलभराव वाले रास्ते से होकर गुजरना पड़ा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि देवगांव क्षेत्र में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश होते ही कई प्रमुख स्थानों पर जलभराव की समस्या उत्पन्न हो जाती है। मस्जिद उमर और न्यूटन ट्रैवल्स के सामने जमा पानी से आम राहगीरों के साथ दोपहिया वाहन चालकों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
लोगों का कहना है कि यह समस्या केवल बारिश के दौरान कुछ घंटों तक परेशानी का कारण नहीं बनती, बल्कि जलभराव और कीचड़ के चलते सड़क से आवागमन भी प्रभावित होता है। लोगों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों एवं जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि जलभराव वाले स्थानों का स्थलीय निरीक्षण कराकर जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराई जाए। साथ ही क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कराकर आवागमन को सुचारु कराया जाए।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *