पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। कंधरापुर पुलिस ने चेन स्नेचिंग, मारपीट, धमकी, पुलिस टीम पर फायरिंग और अवैध शस्त्र रखने जैसे मामलों में सक्रिय गैंगस्टर एक्ट के वांछित अभियुक्त राज निषाद को शुक्रवार की देर रात मड़या स्थित उसके घर से गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में चालान कर दिया।
पुलिस के अनुसार राज निषाद पुत्र हरिराम निषाद निवासी मड़या राहुल नगर थाना कंधरापुर लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है। बीते 26 मार्च को भंवरनाथ क्षेत्र में महिला से चेन स्नेचिंग की घटना में उसकी संलिप्तता सामने आई थी और मामले में चेन भी बरामद की गई थी। इसके बाद 29 मार्च को पुलिस चेकिंग के दौरान आरोपी और उसके साथियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी थी। इस दौरान राज निषाद को अवैध शस्त्र के साथ गिरफ्तार किया गया था। लगातार आपराधिक गतिविधियों के चलते उसके खिलाफ कंधरापुर थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था और वह वांछित चल रहा था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
रिपोर्ट-बबलू राय