कंधरापुर पुलिस के खिलाफ सत्तापक्ष के वरिष्ठ नेता ने खोला मोर्चा

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जिले के थाना कंधरापुर क्षेत्र में पुलिस की कार्यशैली पर अब खुद सत्ताधारी दल भाजपा के भीतर से ही गंभीर सवाल उठने लगे हैं। भाजपा के निवर्तमान जिला उपाध्यक्ष हरिवंश मिश्र ने कंधरापुर पुलिस की निष्पक्षता और कार्यप्रणाली को कठघरे में खड़ा करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शिकायती पत्र भेजा है। उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने के साथ दोषी पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
हरिवंश मिश्र ने अपने पत्र में स्पष्ट शब्दों में कहा कि कंधरापुर थाने के कुछ पुलिसकर्मियों की मनमानी और कथित कार्यशैली के कारण आम जनता के बीच भारी असंतोष पनप रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि पुलिस के इस रवैये से योगी सरकार की पारदर्शी, अपराध-मुक्त और जवाबदेह शासन व्यवस्था की साख को बट्टा लग रहा है।
भाजपा नेता ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि ग्रामीणों की शिकायतों पर बिना किसी समुचित जांच के मनमाने ढंग से एफआईआर दर्ज की जा रही है। पीड़ितों की वाजिब शिकायतों पर ठोस कार्रवाई करने के बजाय थाना पुलिस द्वारा धनउगाही की जा रही है और पीड़ितों को न्याय से वंचित रखा जा रहा है। वीडियो और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों को दरकिनार कर बेकसूरों पर गंभीर धाराओं में मुकदमे थोपे जा रहे हैं। अपनी शिकायतों को पुख्ता करने के लिए भाजपा नेता ने क्षेत्र के कई मामलों का विशेष रूप से उल्लेख किया।
उन्होंने चेतावनी दी कि जनहित और जनता के न्याय के लिए वह सड़क पर उतरकर धरना-प्रदर्शन करेंगे और इस पूरे मामले की शिकायत शासन के शीर्ष स्तर तक करेंगे।
रिपोर्ट-सुबास लाल/ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *