महिला से आभूषण झपटने वाला आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल

शेयर करे

लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। 17 अगस्त की घटना में लालगंज तहसील के सामने एक महिला को उसके बेटे को नौकरी दिलाने का झांसा देकर केराकत तहसील ले जाया गया था। आरोप है कि रास्ते में महिला के पहने हुए कान के टप्स और कान का सहारा झपटकर छीन लिया गया। मामले में थाना देवगांव में मुकदमा दर्ज किया गया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत देवगांव पुलिस सोमवार की रात गश्त और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को एक शातिर अपराधी के मोटरसाइकिल से आने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने नसीरपुर पुलिया के पास मोटरसाइकिल सवार को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा। पीछा करने के दौरान मोटरसाइकिल असंतुलित होकर गिर गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी।
घायल आरोपी की पहचान शमीम उर्फ सूरज उर्फ मुमताज उर्फ बब्लू यादव उर्फ समीर अंसारी निवासी डीएलडब्ल्यू जलालीपट्टी, थाना मंडुवाडीह, कमिश्नरेट वाराणसी, हाल पता ग्राम निधौरा, थाना बलुआ, जनपद चंदौली के रूप में हुई। उसे उपचार के लिए 100 शैय्या संयुक्त अस्पताल लालगंज भेजा गया। आरोपी के कब्जे से .315 बोर का देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, मोटरसाइकिल आदि बरामद हुए। पूछताछ में लूटे गए आभूषणों में से एक जोड़ी कान के टप्स सुनार दिनेश वर्मा, निवासी वार्ड नंबर 12, थाना सैदपुर, जनपद गाजीपुर को दिए जाने की जानकारी सामने आई। पुलिस ने दिनेश वर्मा को भी गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक जोड़ी कान के टप्स बरामद किए।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *