अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। रक्षाबंधन के पावन पर्व को ध्यान में रखते हुए भारतीय डाक विभाग ने ग्राहकों की सुविधा और राखियों को सुरक्षित पहुंचाने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। आजमगढ़ डाक मंडल के अंतर्गत आने वाले सभी डाकघरों में वाटरप्रूफ राखी लिफाफों की बिक्री शुरू कर दी गई है। इन वाटरप्रूफ लिफाफों की कीमत मात्र 10 रुपये प्रति लिफाफा निर्धारित की गई है, जिससे बारिश के मौसम में भी भाइयों तक बहन की राखी सुरक्षित और सही सलामत पहुंच सकेगी।
डाक विभाग द्वारा राखी एवं अन्य उपहारों को बिना किसी नुकसान के गंतव्य तक पहुंचाने के उद्देश्य से इन लिफाफों को तैयार किया गया है। इसके साथ ही, राखी मेल को बढ़ावा देने और आमजन को राहत देने के लिए राखी मेल की बुकिंग पर 10 प्रतिशत की विशेष छूट भी प्रदान की जा रही है।
आजमगढ़ डाक मंडल के प्रवर अधीक्षक डाकघर बी.के. पांडेय ने आम जनता से अपील की है कि वे समय से अपने प्रियजनों तक राखी और शुभकामना संदेश भेजने के लिए निकटतम डाकघर की सुविधाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने बताया कि भारतीय डाक की विश्वसनीय और सुविधाजनक सेवा के माध्यम से देश के किसी भी कोने में रह रहे परिजनों तक अपनी राखियां सुरक्षित रूप से भेजी जा सकती हैं। बुकिंग एवं विस्तृत जानकारी के लिए नागरिक अपने नजदीकी डाकघर से संपर्क कर सकते हैं।
रिपोर्ट-आशीष निषाद