अहरौला आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। अहरौला ब्लॉक क्षेत्र के पकड़ी गांव स्थित एक मैरेज हॉल में शुक्रवार को सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के तत्वावधान में सामाजिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में सर्व समाज के लोग शामिल हुए। कार्यक्रम का आयोजन सुभासपा के राष्ट्रीय सचिव अर्जुन चौहान के तत्वावधान में किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पंचायती राज मंत्री एवं सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर रहे। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित करते हुए संगठन को मजबूत करने तथा समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ने का संदेश दिया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए सुभासपा नेता अरुण राजभर ने कहा कि सामाजिक सम्मेलन किसी एक जाति या वर्ग तक सीमित नहीं है। इसका उद्देश्य सर्व समाज और सभी वर्गों को एकजुट कर उनके हितों की आवाज को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि अतरौलिया विधानसभा क्षेत्र में आने के बाद वह लगातार गांव-गांव जाकर लोगों से संवाद कर रहे हैं तथा उनके सुख-दुख में सहभागी बनने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं का पर्याप्त समाधान नहीं हो पा रहा है और चुनाव के समय ही जनता के बीच पहुंचकर वोट मांगने की राजनीति की जाती है। हालांकि, उनके इन आरोपों पर संबंधित विपक्षी नेताओं का पक्ष समाचार लिखे जाने तक सामने नहीं आया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने सामाजिक एकजुटता, संगठन विस्तार और जनसमस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाने पर जोर दिया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों की मौजूदगी से आयोजन स्थल पर उत्साह का माहौल रहा।
रिपोर्ट-संतोष चौबे