लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। गंभीरपुर थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले थाना में तैनात चौकीदार स्व.राम नगीना के परिजनों की मदद के लिए गंभीरपुर पुलिस ने संवेदनशील पहल करते हुए 22,500 रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की। थाना प्रभारी अमित कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने स्वेच्छा से सहयोग राशि एकत्र कर शोकाकुल परिवार को सौंपते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
बताया गया कि 5 अगस्त की शाम करीब 5 बजे सद्दोपट्टी निवासी एवं गंभीरपुर थाने में कार्यरत चौकीदार राम नगीना की पिकअप वाहन की टक्कर से मौके पर ही मृत्यु हो गई थी। इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अमित कुमार त्रिपाठी पुलिस टीम के साथ मृतक के घर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। इसके बाद आर्थिक रूप से कमजोर परिवार की सहायता के उद्देश्य से थाना परिसर के पुलिस कर्मियों ने आपसी सहयोग से 22,500 रुपए की राशि एकत्र की, जिसे परिजनों को सौंपा गया। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि विभागीय एवं शासन स्तर से मिलने वाली अन्य सहायता दिलाने का भी हरसंभव प्रयास किया जाएगा। गंभीरपुर पुलिस की इस मानवीय पहल की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है। इस दौरान उपनिरीक्षक योगेश सरोज, हेड कांस्टेबल शाहिद कमाल सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद