आकाशीय बिजली से दो ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त

शेयर करे

फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। गुरुवार तड़के हुई तेज बारिश और आकाशीय बिजली ने नगर पंचायत फूलपुर सहित ग्रामीण क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को प्रभावित कर दिया। आकाशीय बिजली की चपेट में आने से नगर के मुख्य चौक पर स्थापित 400 केवीए तथा चकनूरी गांव का 25 केवीए ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गया। इससे नगर और ग्रामीण क्षेत्र के सैकड़ों घरों तथा व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की विद्युत आपूर्ति घंटों बाधित रही।
बारिश के दौरान कई स्थानों पर फॉल्ट होने से बिजली आपूर्ति बार-बार प्रभावित होती रही। सूचना मिलते ही विद्युत विभाग के लाइनमैन सुरक्षा उपकरणों के साथ बारिश में ही फॉल्ट ठीक करने में जुट गए। नगर के मुख्य चौक का ट्रांसफार्मर खराब होने से सुबह से शाम तक बिजली आपूर्ति बाधित रही, जबकि चकनूरी गांव में पूरे दिन बिजली नहीं रहने से ग्रामीणों को मोबाइल चार्ज करने जैसी दैनिक जरूरतों में भी परेशानी उठानी पड़ी।
उपखंड अधिकारी सुजीत कुमार ने मौसम की खराब स्थिति को देखते हुए सभी अभियंताओं को क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए और स्वयं भी व्यवस्था का जायजा लेते रहे।
अवर अभियंता देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि नगर में खराब हुए 400 केवीए ट्रांसफार्मर के स्थान पर मोबाइल ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल करने का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। वहीं चकनूरी गांव के 25 केवीए ट्रांसफार्मर के लिए कार्यशाला को सूचना भेज दी गई है और नया ट्रांसफार्मर मिलते ही आपूर्ति शुरू करा दी जाएगी।
रिपोर्ट-मुन्ना पाण्डेय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *