आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। नगर के कोलपांडेय स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में गंगा समग्र की एक बैठक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ आर्यमगढ़ विभाग के संघ चालक सुरेश शुक्ला की अध्यक्षता और गंगा समग्र आर्यमगढ़ विभाग के संरक्षक पं. सुभाष चंद्र तिवारी कुन्दन के संचालन में संपन्न हुयी।
बैठक में तमसा बचाओ अभियान की रूपरेखा तैयार की गई। यह निर्णय लिया गया कि 30 अगस्त को दुर्वासा में तमसा बचाओ जागरण गोष्ठी की जाएगी और अक्टूबर के प्रथम सप्ताह में तमसा बचाओ यात्रा आजमगढ़ से निकलकर बलिया तक जाएगी। इस बीच जिलाधिकारी को तमसा नदी को स्वच्छ कराने हेतु ज्ञापन दिया जाएगा।
अपने संबोधन में गंगा समग्र गोरक्ष प्रांत के संयोजक राजकिशोर मिश्र ने कहा कि पौराणिक नदी तमसा की स्वच्छता गंगा समग्र का लक्ष्य है, क्योंकि यह गंगा की सहायक नदी है और गंगा को स्वच्छ करने के लिए सहायक नदियों का स्वच्छ होना आवश्यक है, जो जन सहयोग के बिना सम्भव नहीं है। श्री मिश्र ने कहा कि जल और वायु प्रदूषण से अनेक तरह के संकट उत्पन्न हो रहे हैं, जिन्हें दूर करने के लिए गंगा समग्र देशव्यापी जनजागरण अभियान चला रहा है।
इस अवसर पर तमसा प्रभाग के संयोजक दिलीप, गंगा समग्र आर्यमगढ़ के जिला संरक्षक डा. एच. एन. पाठक, संयोजक महंत संजय दास, संपर्क प्रमुख राजेश रंजन, संघ के नगर प्रचार प्रमुख गिरीश सेठ, रणविजय सिंह, जवाहर पाठक, सुभाष श्रीवास्तव, पवन उपाध्याय, श्यामनारायण पांडेय, पी. के. श्रीवास्तव, सभाजीत तिवारी आदि उपस्थित थे।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार