मुबारकपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के सिकठी गांव में चार दिन से लापता पांच वर्षीय मोहम्मद आरिज का शव रविवार को घर से कुछ ही दूरी पर स्थित पोखरी में मिलने से पूरे गांव में कोहराम मच गया। मासूम की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
सिकठी गांव के उत्तर मोहल्ला निवासी वहाबुद्दीन का पुत्र मोहम्मद आरिज 31 जुलाई को घर से बाहर खेलने निकला था। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद मुबारकपुर थाने में सूचना दी गई, जिस पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गुमशुदगी से संबंधित प्रकरण दर्ज कर खोजबीन शुरू कर दी।
रविवार पूर्वाह्न करीब 11.30 बजे ग्रामीणों ने घर के समीप स्थित पोखरी में मासूम का शव उतराता देखा। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि मोहम्मद आरिज की मानसिक स्थिति कुछ कमजोर थी और उसका इलाज लखनऊ में चल रहा था। उनका अनुमान है कि खेलते-खेलते वह अनजाने में पोखरी की ओर चला गया होगा। हालांकि पुलिस ने मौत के कारणों को लेकर कोई निष्कर्ष नहीं निकाला है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होने की बात कही है।
ग्रामीणों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए बताया कि बच्चे के लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस लगातार खोजबीन में जुटी रही। उधर, मासूम की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में हर ओर गम का माहौल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट-मनीष श्रीवास्तव