बूढनपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। अहरौला थाना क्षेत्र के अभयपुर गांव में भूमि विवाद को लेकर नया मोड़ सामने आया है। गांव की राजमती पत्नी हरिराम, रीना, राम उजागीर, रविंद्र, प्रेम, उषा, सूरज, मनोज, चीकोटन, पलटन, रोशन, विश्वनाथ, गोलू सहित सैकड़ों ग्रामीणों ने शनिवार को बूढ़नपुर तहसील पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का आरोप है कि उनके परिवार के एक बुजुर्ग सदस्य को विपक्ष के लोगों ने कथित रूप से अगवा कर लिया है। उनका कहना है कि बुजुर्ग पूरी तरह से चलने-फिरने में असमर्थ हैं और विपक्षी उनकी इस स्थिति का फायदा उठाकर जबरन जमीन की रजिस्ट्री कराने की साजिश रच रहे हैं। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि विपक्षी ने पुलिस की सहायता से उनके बुजुर्ग को घर से उठा लिया। पूरा परिवार और ग्रामीण उनकी तलाश कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनका कोई पता नहीं चल सका है। इस घटना को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
इसी मामले में ग्राम अभयपुर निवासी रीना पत्नी रामनगीना ने भी उपजिलाधिकारी बूढ़नपुर को प्रार्थना पत्र देकर गाटा संख्या 1866, 1865, 1868 एवं 1668/2144 स्थित भूमि पर किसी भी प्रकार की रजिस्ट्री अथवा निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। उनका आरोप है कि उक्त भूमि उनकी पुश्तैनी संपत्ति है और कुछ लोग अवैध तरीके से कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की कि लापता बुजुर्ग का शीघ्र पता लगाया जाए, भूमि की किसी भी प्रकार की खरीद-फरोख्त या रजिस्ट्री पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।
इस संबंध में एसडीएम अभयराज पाण्डेय का कहना है कि प्रार्थना पत्र प्राप्त हो गया है और मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट-अरविन्द सिंह