अंबारी-ओरिल मार्ग बना हादसों का कारण, राहगीरों में आक्रोश

शेयर करे

फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। अंबारी-ओरिल मार्ग की जर्जर सड़क स्थानीय लोगों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। यह सड़क अंबारी से निकलकर आंधीपुर होते हुए ओरिल गांव तक जाती है। इसकी लंबाई लगभग 5 किमी है। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से प्रतिदिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इस मार्ग से रोजाना हजारों लोग आवागमन करते हैं, लेकिन लंबे समय से सड़क की मरम्मत नहीं होने से लोगों में जिम्मेदार विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के दौरान गड्ढे पानी से ढक जाते हैं, जिससे उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। ऐसे में दोपहिया वाहन चालक सबसे अधिक दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। कई बार वाहन फिसलने और लोगों के चोटिल होने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। इसके बावजूद अब तक सड़क की मरम्मत के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है।
ग्रामीणों अच्छेलाल, अरविंद यादव, रामदयाल, सलमान, रविन्द्र यादव, संजय यादव, सूरज अग्रहरि आदि का कहना है कि अंबारी-ओरिल मार्ग क्षेत्र का महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, जिससे छात्र, कर्मचारी, व्यापारी और किसान प्रतिदिन गुजरते हैं। सड़क की खराब स्थिति के कारण लोगों को समय के साथ आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है। स्थानीय नागरिकों ने लोक निर्माण विभाग और जिला प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराने तथा गड्ढों को भरवाने की मांग की है।
लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की है।
रिपोर्ट-मुन्ना पाण्डेय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *