निषाद पार्टी ने विधायक को सौंपा ज्ञापन

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। निषाद पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष अंगद निषाद के नेतृत्व में क्षेत्रीय विधायक डॉ. संग्राम यादव को ज्ञापन सौंपकर निषाद समाज की विभिन्न उपजातियों को अनुसूचित जाति का प्रमाण-पत्र जारी कराने और आरक्षण संबंधी शासनादेशों का प्रभावी पालन सुनिश्चित कराने की मांग की।
कार्यकर्ताओं का कहना था कि शासन के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद तहसील स्तर पर पात्र लोगों को अनुसूचित जाति का प्रमाण-पत्र जारी नहीं किया जा रहा है। इसके स्थान पर पिछड़ा वर्ग का प्रमाण-पत्र बनाए जाने से समाज के लोगों को आरक्षण सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
ज्ञापन में राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृहमंत्री, मुख्यमंत्री तथा संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए केवट, मल्लाह, कश्यप, कहार, धीमर, बिंद, निषाद, गोंड़िया, मांझी, मछुआ समेत अन्य उपजातियों को शासनादेश एवं संवैधानिक प्रावधानों के अनुरूप अनुसूचित जाति का लाभ दिए जाने की मांग की गई। साथ ही तहसील स्तर पर गलत श्रेणी के प्रमाण-पत्र जारी करने पर रोक लगाने और पात्र व्यक्तियों को अनुसूचित जाति का प्रमाण-पत्र निर्गत कराने की भी मांग उठाई गई।
कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। विधायक डॉ. संग्राम यादव ने मामले को संबंधित स्तर पर उठाने और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *