अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष केवल दिखावे की राजनीति कर रहा है, जबकि प्रदेश सरकार जमीन पर विकास कार्यों को गति दे रही है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा लिए जा रहे सभी निर्णय पूरी तरह संविधान के दायरे में हैं और जनता के हित में काम किया जा रहा है।
अतरौलिया विधानसभा क्षेत्र स्थित निरीक्षण भवन में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत में कैबिनेट मंत्री ने पर्यावरण संरक्षण, कानून व्यवस्था, पंचायत चुनाव, नीट परीक्षा विवाद और क्षेत्रीय विकास समेत कई समसामयिक मुद्दों पर सरकार का पक्ष रखा।
पर्यावरण दिवस के अवसर पर चलाए जा रहे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में बड़े स्तर पर पौधरोपण कराया जा रहा है। लगातार गिरते जलस्तर और बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी मां के नाम पर एक पेड़ अवश्य लगाना चाहिए। इससे आने वाली पीढ़ियों का भविष्य सुरक्षित होगा और पर्यावरण संतुलित रहेगा।
नीट परीक्षा को लेकर विपक्ष द्वारा शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सरकार युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी। जिन लोगों ने गड़बड़ी की है, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
पंचायत चुनाव को लेकर कहा कि सरकार चुनाव कराने के पक्ष में है। लालगंज को बनारस रेलवे लाइन से जोड़ने की मांग को लेकर चल रहे आंदोलनों पर मंत्री ने इसे “चुनावी स्टंट” करार दिया। अंत में उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार संविधान और कानून के दायरे में रहकर जनता के हित में फैसले ले रही है तथा विकास और सुशासन सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है।
रिपोर्ट-आशीष निषाद