बूथ कार्यकर्ताओं की सक्रियता से ही मजबूत होगा संगठन-अरुण राजभर

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सभा लोहरा में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) की सेक्टर एवं बूथ स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना, बूथ कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना तथा आगामी कार्यक्रमों की रणनीति तैयार करना रहा।
बैठक को संबोधित करते हुए सुभासपा के राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता एवं अतरौलिया विधानसभा प्रभारी अरुण राजभर ने कहा कि संगठन की असली ताकत बूथ स्तर के कार्यकर्ता होते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियों और विचारधारा को गांव-गांव और जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की सक्रियता से ही परिवर्तन और विकास की यात्रा आगे बढ़ती है। अरुण राजभर ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ नेता केवल चुनाव के समय जनता के बीच दिखाई देते हैं, जबकि आम दिनों में जनता की समस्याओं से दूर रहते हैं। उन्होंने कहा कि जनता अब ऐसे नेताओं को पहचान चुकी है और परिवर्तन के लिए तैयार है। उन्होंने दावा किया कि अतरौलिया क्षेत्र में लंबे समय से लंबित पड़े कई सड़क निर्माण कार्यों को आगे बढ़ाने का काम किया गया है। उन्होंने कहा कि 21 किलोमीटर लंबे अहिरौला-कप्तानगंज मार्ग तथा नरियाव-सिकंदरपुर मार्ग के निर्माण कार्य को गति दिलाई गई, जो पहले असंभव माना जा रहा था। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता को बेहतर सड़क और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से गलत प्रचार से बचने और सामाजिक न्याय की लड़ाई को मजबूत करने का आह्वान किया। बैठक में जोन प्रभारी दीपक कनौजिया सहित सेक्टर प्रभारी एवं बूथ स्तर के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *