आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। समाजवादी पार्टी आजमगढ़ ने देश प्रदेश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, डीजल, पेट्रोल, गैस के दामों में लगातार वृद्धि नीट व सरकारी नौकरियां की परीक्षाओं में लगातार पेपर लीक, सरकारी नौकरियों में पिछड़े, दलितों के आरक्षण को लूट कर सामान्य वर्ग को दे देना, धर्म और जाति पूछ कर फर्जी मुकदमे फंसा कर फेक एनकांउटर, महिलाओं पर अत्याचार व बलात्कार की घटनाओं में वृद्धि आदि समस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी ने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति महोदया को ज्ञापन दिया।
जिला प्रशासन को सौंपे पत्रक के माध्यम से सपा पदाधिकारियों ने कहा कि भाजपा की केन्द्र व प्रदेश की सरकार संविधान व लोकतंत्र विरोधी कार्य कर रही है सभी सरकारी संस्थाओं को हाईजैक कर के लोकतांत्रिक प्रणाली को खत्म करना चाहती है। प्रधानमंत्री मोदी जी को देश की चिंता नहीं रह गई है वह अमेरिका के आगे घुटने टेक दिए हैं और देश को अमेरिका के हाथों गिरवी रख रहे हैं उनके शासन में पूंजी पति मालामाल हो रहा है गरीब और गरीब होता जा रहा है। योगी की सरकार में पिछड़ों, दलितों, मुसलमानों पर दमन, शोषण, जुल्म, अत्याचार बढ़ता जा रहा है। तहसील, थाने व अन्य विभाग घोर भ्रष्टाचार के अड्डे बन गए हैं। भा.ज.पा. नेताओं के कहने पर गरीबों को फर्जी मुकदमों में फंसाकर वसूली की जा रही है। जनता का विश्वास मोदी व योगी सरकार से उठ गया है। इसलिए ज्ञापन के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति महोदया से आग्रह किया गया है कि संविधान व लोकतंत्र बचाने के लिए दोनों सरकारों को निर्देश दें। धरना कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष हवलदार यादव, पूर्व मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव, विधायक डॉ संग्राम यादव, नफीस अहमद, अखिलेश यादव, कमलाकांत राजभर, डॉ एच. एन. सिंह पटेल, बेचई सरोज, एम.एल.सी. शाह आलम गुड्डू जमाली, जिला पंचायत अध्यक्ष विजय यादव, सांसद दरोगा प्रसाद सरोज, पूर्व एमएलसी कमला प्रसाद यादव, राकेश कुमार यादव गुड्डू, पूर्व विधायक श्याम बहादुर सिंह यादव, जयराम सिंह पटेल सहित भारी संख्या में समाजवादी पार्टी के नेता पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-ज्ञानेन्द्र कुमार