मेहनगर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय क्षेत्र में वन विभाग के कर्मचारियों पर अवैध वसूली का गंभीर आरोप सामने आया है। पीड़ित भट्ठा संचालक रामाधार पुत्र रूपचंद ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर न्याय की गुहार लगाई है।
शिकायत के अनुसार, वह अपने भट्ठे के लिए सूखी लकड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से ले जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में वन विभाग पर तैनात वनरक्षक रामप्रीत चौहान एवं वन दरोगा दुर्गा प्रसाद चौहान ने वाहन को रोक लिया। पीड़ित का आरोप है कि दोनों कर्मचारियों ने वाहन छोड़ने के एवज में 50 हजार रुपये की मांग की। काफी देर तक वाहन रोके रखने के बाद भट्ठा मालिक द्वारा सिफारिश कराए जाने पर दोनों कर्मचारियों ने कथित रूप से 10 हजार रुपये लेकर ट्रैक्टर-ट्रॉली को छोड़ दिया। शिकायतकर्ता का कहना है कि इसके बावजूद शेष 40 हजार रुपये की मांग लगातार की जा रही है।
रामाधार ने आरोप लगाया कि रकम न देने पर वन विभाग की ओर से कार्रवाई कराने तथा विभिन्न मामलों में फंसाने की धमकी दी जा रही है, जिससे वह और उनका परिवार भयभीत है। उन्होंने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत कर मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इस प्रकरण की चर्चा क्षेत्र में जोरों पर है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। वहीं शिकायत दर्ज होने के बाद अब लोगों की नजर प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई है।
रिपोर्ट-धीरज तिवारी