सड़क हादसे में युवक की मौत, फुफेरा भाई घायल

शेयर करे

फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। फुफेरी बहन की शादी की तैयारियों में जुटे एक युवक की शनिवार को सड़क दुर्घटना में मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार फुफेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घटना के बाद शादी वाले घर में खुशी का माहौल मातम में बदल गया।
फूलपुर थाना क्षेत्र के धन्नीपुर विसराई गांव निवासी 20 वर्षीय विपिन पुत्र अदालती अपने फुफेरी बहन के विवाह की तैयारियों में सहयोग करने के लिए पवई थाना क्षेत्र के खपड़िया चक ओरिल गांव स्थित अपने फूफा के घर आया हुआ था। 31 मई को होने वाली शादी की तैयारियों के सिलसिले में वह अपने फुफेरे भाई प्रदीप के साथ शनिवार सुबह बाइक से फूलपुर आया था।
दोपहर करीब साढ़े बारह बजे दोनों वापस खपड़िया चक ओरिल गांव लौट रहे थे। इसी दौरान करीब एक बजे लखनऊ-बलिया मार्ग पर इटकोहिया गांव के पास उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने 108 एंबुलेंस की सहायता से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फूलपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने विपिन को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल प्रदीप को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजनों का कहना है कि किसी वाहन की चपेट में आने से घटना हुई है। मृतक दो भाई दो बहन थे।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *