कभी हार न मानने वाले राजनेता थे चन्द्रजीत यादव

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। राष्ट्रीय सामाजिक न्याय आंदोलन और सामाजिक न्याय एवं बाल भवन केंद्र के संयुक्त तत्वाधान में स्मृति शेष चन्द्रजीत यादव की 19 पुण्यतिथि पर जिला मुख्यालय स्थित ऐतिहासिक नेहरू हॉल में कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस कार्यक्रम में जनपद तथा जनपद के बाहर के सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र के बुद्धिजीवी और चिंतकों, लेखकों ने भाग लिया। वक्ताओं ने स्मृति शेष चन्द्रजीत यादव के कृतित्व व व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए वर्तमान दौर में चन्द्रजीत यादव की प्रासंगिकता विषय पर विचार व्यक्त किया।
देवरिया जनपद से आए चंद्रभूषण सिंह यादव ने चन्द्रजीत यादव के विचारों को याद करते हुए कहा कि स्वर्गीय यादव साहब ने दुनिया में समता आधारित समाज की स्थापना के लिए नए आयाम गढ़े और दुनिया को क्रांतिकारी संदेश दिया। डॉ.लालजीत यादव वाराणसी ने जनवादी पार्टी के समय से चन्द्रजीत यादव को एक कभी हार न मानने वाला राजनेता करार दिया।
समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष हवलदार यादव ने दुनिया में बढ़ रहे पूंजीवाद और साम्राज्यवाद के खतरे को देखते हुए वर्तमान में चन्द्रजीत यादव की प्रासंगिकता आवश्यक बताया। विधायक दुर्गा प्रसाद यादव ने चन्द्रजीत यादव को स्मरण करते हुए कहा कि आज के समय में चन्द्रजीत यादव के विचार मार्गदर्शन का काम कर रहे हैं। विधायक अखिलेश यादव ने अपने कम्युनिस्ट के कार्यकाल के समय में चन्द्रजीत यादव के सम्मेलन में दिए हुए वक्तव्य को याद करते हुए कहा कि यादव साहब नौजवानों व बेरोजगारों के प्रति बहुत चिंतित रहा करते थे। शिब्ली एकेडमी के उमैर सिद्दीकी ने देश में बढ़ रहे सांप्रदायिकता के खतरे पर चन्द्रजीत यादव की प्रासंगिकता पर बल दिया। अधिवक्ता दयाराम यादव ने चन्द्रजीत यादव की बहुजनों के प्रति चिंता को रेखांकित किया और उन्हें प्रासंगिक बताया। डॉ. जरूर आलम ने अपने अध्यक्षीय भाषण में शिक्षा के क्षेत्र में चन्द्रजीत यादव द्वारा पूरे देश में किए गए आधुनिकतम विचारों और कार्यक्रमों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन रामकुमार यादव ने किया।
रिपोर्ट-ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *