फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। आगामी बकरीद पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के अंबारी एवं आसपास के मुस्लिम बहुल गांवों में पुलिस द्वारा पैदल एवं बाइक मार्च निकाला गया। पुलिस ने लोगों से आपसी भाईचारा और सौहार्द्र के साथ त्योहार मनाने की अपील की।
चौकी प्रभारी अंबारी सतेंद्र कुमार के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बल ने अंबारी चौक से पैदल मार्च की शुरुआत की। यह मार्च बाजार के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा, जहां पुलिस ने लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। इसके बाद पुलिस टीम बाइक से अंबारी गांव की मुस्लिम बस्तियों में पहुंची और लोगों से संवाद स्थापित किया।
पुलिस ने कुशहा, भटपुरा, आंधीपुर, फदगुदिया और मकसुदिया समेत अन्य गांवों में भी पैदल व मोटरसाइकिल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने लोगों को प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी न करने तथा शासन की गाइडलाइन का पालन करने की हिदायत दी।
चौकी प्रभारी सतेंद्र कुमार ने कहा कि त्योहार के दौरान शांति भंग करने या माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि कहीं भी प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी की सूचना मिलने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय