खराब ट्रांसफार्मर न बदलने पर फूटा गुस्सा

शेयर करे

अहरौला आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। विद्युत विभाग की लापरवाही और लंबे समय से खराब ट्रांसफार्मर न बदले जाने से क्षेत्र के ग्रामीणों और बाजार के उपभोक्ताओं में शनिवार को भारी आक्रोश देखने को मिला। भीषण गर्मी के बीच लगातार बाधित हो रही बिजली व्यवस्था से परेशान ग्रामीणों और व्यापारियों ने ग्राम प्रधान प्रेम सागर मोदनवाल के नेतृत्व में अहरौला बाजार के मुख्य चौक पर धरना-प्रदर्शन किया तथा विद्युत विभाग के खिलाफ नारेबाजी की।
उन्होंने बताया कि विद्युत विभाग द्वारा 48 घंटे के भीतर बिजली व्यवस्था बहाल करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन निर्धारित समय बीतने के बाद भी स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। बिजली आपूर्ति बदहाल होने से लोगों के व्यापार और दैनिक जीवन पर गंभीर असर पड़ रहा है। ग्राम प्रधान ने कहा कि क्षेत्र में भीषण गर्मी के कारण लोग पहले से ही परेशान हैं, वहीं बिजली संकट ने स्थिति और गंभीर कर दी है। घरों में पानी की समस्या खड़ी हो गई है तथा पंखे और कूलर बंद पड़े हैं। इससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
दोपहर लगभग 2 बजे एसडीओ मौके पर पहुंचे और उन्होंने अगले दिन तक ट्रांसफार्मर बदलने का आश्वासन दिया। इसके बाद उनके आश्वासन पर धरना-प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया।
इस मौके पर अभिषेक जायसवाल, रणविजय यादव, राजेश गुप्ता, मनीष जायसवाल, पंकज अग्रहरि, दीपक मोदनवाल, धर्मेंद्र मोदनवाल, बृजेश जायसवाल आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-संतोष चौबे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *