बदमाशों ने कार पर की ताबड़तोड़ फायरिंग, प्राप्रर्टी डीलर की मौत, साथी घायल

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जिले के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के रानीपुर गांव में बुधवार देर रात हुई ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार बाइक सवार बदमाशों ने कार से जा रहे दो युवकों पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं, जिसमें एक युवक की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान सुशील कुमार (24) पुत्र संतराज राम निवासी कोढ़वा थाना जहानागंज के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक उमाशंकर उर्फ पिंटू यादव निवासी रानीपुर थाना मुबारकपुर का इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि दोनों बुधवार रात करीब 12 बजे रानीपुर गांव में आयोजित एक भंडारे में शामिल होने जा रहे थे, तभी रास्ते में हमलावरों ने घटना को अंजाम दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावर हथियारों से लैस होकर पहुंचे थे और कार को निशाना बनाकर कई राउंड फायरिंग की। गोली लगने के बाद दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने सुशील कुमार को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही डॉ. अनिल कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। सर्विलांस और एसओजी टीम को भी जांच में लगाया गया है।
पुलिस पुरानी रंजिश, प्रॉपर्टी विवाद और आपसी संघर्ष समेत विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। सूत्रों के अनुसार मृतक सुशील कुमार प्रॉपर्टी डीलिंग का कार्य करता था और हाल के दिनों में उसने अपने पुराने साथियों से अलग होकर दूसरे लोगों के साथ काम शुरू किया था। वहीं घायल उमाशंकर उर्फ पिंटू यादव पूर्व में जिला पंचायत सदस्य का चुनाव भी लड़ चुका है।
घटना के बाद गांव और आसपास के इलाकों में तनाव का माहौल है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
रिपोर्ट-सुबास लाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *