बिलरियागंज/ पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जनपद के बिलरियागंज विद्युत उपकेंद्र पर तैनात अवर अभियंता सहदेव राम ने कुछ लोगों पर रास्ता रोककर मारपीट करने, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर अपमानित करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले में पीड़ित ने संबंधित थाने में तहरीर देकर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित सहदेव राम पुत्र लछिराम ने बताया कि वह अनुसूचित जाति वर्ग से संबंध रखते हैं तथा बिलरियागंज विद्युत उपकेंद्र पर अवर अभियंता के पद पर कार्यरत हैं। उनके अनुसार, 21 मई 2026 को सुबह लगभग 9ः45 बजे वह अपने कार्यस्थल बिलरियागंज उपकेंद्र जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में साहिल राय पुत्र अजय राय, प्रांजल राय पुत्र अजय राय तथा चार अन्य अज्ञात व्यक्तियों ने उनकी गाड़ी जबरन रुकवा दी।
आरोप है कि पद पूछने के बाद उनकी जाति जानकर आरोपियों ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए सार्वजनिक रूप से अपमानित किया और गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से बेरहमी से मारपीट की। पीड़ित के अनुसार हमले में उनके चेहरे पर गंभीर चोटें आईं, सूजन हो गई तथा अत्यधिक रक्तस्राव हुआ। साथ ही आरोपियों द्वारा जान से मारने की धमकी देने और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़ित अवर अभियंता ने बिलरियागंज थाने में तहरीर देकर पुलिस प्रशासन से आरोपियों के विरुद्ध उचित कार्यवाही करने की मांग की है।
रिपोर्ट-बबलू राय/तारकेश्वर मिश्र