पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री जनआरोग्य मेला के दौरान सीएमओ डा.एनआर वर्मा ने जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। इस दौरान उन्होंने साफ-सफाई, प्रसव सेवाओं, दवा उपलब्धता और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण की शुरुआत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जीयनपुर से हुई, जहां प्रसव सेवाओं एवं साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक न मिलने पर सीएमओ ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को एक सप्ताह के भीतर सभी व्यवस्थाओं में सुधार करने के कड़े निर्देश दिए और चेतावनी दी कि पुनः निरीक्षण में खामियां मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसके बाद सठियांव ब्लॉक के नैठी स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया जहां साफ-सफाई और स्टाफ की कार्यप्रणाली भी अपेक्षा के अनुरूप नहीं पाई गई। इस पर प्रभारी को कड़ी फटकार लगाते हुए दो दिन के भीतर सुधार कर फोटो सहित रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। मुबारकपुर शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। यहां सीएमओ ने प्रसव सेवाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। मोहब्बतपुर में मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को देखते हुए एएनएम सेंटर और आरोग्य मंदिर का जायजा लिया। सीएमओ ने सभी व्यवस्थाओं को उच्च स्तर पर सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।
रिपोर्ट-बबलू राय