महराजगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब सलीम 70 वर्ष निवासी सुरजीपुर अचानक गिर पड़े और उनकी हालत बिगड़ने लगी। उनके साथ आये राजेश यादव के अनुसार, वे किसी कार्य से थाने में लगभग 9.45 बजे पहुंचे तथा गाड़ी खड़ी कर चाय पीने बाहर चले गए। लगभग 10.15 बजे थाना परिसर में पुनः प्रवेश करते ही सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई और वह एक पेड़ पकड़ कर बैठ गये। इससे पहले कि लोग कुछ समझ पाते, वह जमीन पर गिर गये। मौजूद पुलिस कर्मियों और स्थानीय लोगों ने तुरंत संभालने की कोशिश की और आनन-फानन में पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाने की व्यवस्था की, जहां पहुंचते ही चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
डाक्टरों के अनुसार प्रथम दृष्टया मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। मृतक के बड़े लड़के ईशरार ने पुलिस को दी गयी तहरीर में बताया कि मृतक पहले से ही हृदय संबंधी बीमारी से पीड़ित था और उसका इलाज चल रहा था। उनका कहना है कि अचानक तबीयत बिगड़ने से यह घटना हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी। घटना के बाद थाना परिसर में कुछ देर के लिए माहौल गमगीन बना रहा।
रिपोर्ट-राजनरायन मिश्रा