अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय निरीक्षण भवन में सोमवार को जनसुनवाई के दौरान पंचायती राज मंत्री और सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने विपक्षी दलों, खासकर समाजवादी पार्टी, पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने मतदाता सूची पुनरीक्षण और बदले हुए जातीय समीकरणों का हवाला देते हुए दावा किया कि आगामी चुनाव में सपा को अतरौलिया विधानसभा सीट पर करारी हार का सामना करना पड़ेगा।
श्री राजभर ने कहा कि मतदाता सूची में हुई हालिया कटौती से विपक्षी दलों में खलबली मच गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस फर्जी मतदान के सहारे चुनाव जीतती रही हैं। उनके अनुसार अतरौलिया विधानसभा क्षेत्र में करीब 28 हजार और आजमगढ़ सदर में लगभग 67 हजार नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। उन्होंने कहा कि इनमें बड़ी संख्या ऐसे लोगों की थी जो या तो मृत हो चुके हैं या शहरों में पलायन कर चुके हैं।
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि सपा इन मृतकों के नाम पर फर्जी वोट डलवाती थी, जो अब संभव नहीं होगा। क्षेत्र में पिछड़ा और अति-पिछड़ा वर्ग अब पूरी तरह जागरूक हो चुका है। उन्होंने दावा किया कि राजभर, निषाद, प्रजापति, बिंद, विश्वकर्मा और पटेल समाज एकजुट होकर गठबंधन के पक्ष में खड़ा है। सपा के कुछ तत्वों से परेशान होकर बड़ी संख्या में यादव मतदाता भी अब चुपचाप गठबंधन की ओर रुख कर रहे हैं।
अपनी उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने बताया कि पिछले एक वर्ष में अतरौलिया क्षेत्र के बीमार लोगों के इलाज के लिए लगभग दो करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दिलाई गई है।
अंत में श्री राजभर ने कहा कि बदले हुए जातीय समीकरण और विकास कार्यों के आधार पर समाजवादी पार्टी इस बार 50 से 60 हजार वोटों के बड़े अंतर से चुनाव हारेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची से नाम हटाने की प्रक्रिया चुनाव आयोग के नियमों के तहत हुई है और इसमें किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया गया है।
रिपोर्ट-आशीष निषाद