मेंहनगर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। मेंहनगर वाया खरिहानी मुख्य मार्ग के गोपालपुर स्थित गौतम नगर चट्टी पर रविवार सुबह माहौल उस समय तनावपूर्ण हो गया जब गांव में जाने वाले मार्ग पर बने स्व. बाबू उदय सिंह स्मृति द्वार पर लगे विश्व हिंदू परिषद के ध्वज को कुछ युवकों ने हटाकर वहां भीम आर्मी का झंडा लगा दिया।
सुबह ग्रामीणों ने जब स्मृति द्वार पर काला झंडा लगा देखा तो उन्होंने आपत्ति जताई। इसी दौरान ध्वज लगाने वाले युवकों से ग्रामीणों की कहासुनी हो गई। देखते ही देखते बात बढ़ी और दोनों पक्षों में धक्का-मुक्की व झड़प और ईट पत्थर चलने लगे जिसमे पुलिस व ग्रामीण घायल हो गये। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए। स्थिति तनावपूर्ण देखते हुए घटना की सूचना थाना प्रभारी निहार नन्दन कुमार दी। पुलिस ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को अलग किया और समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। पुलिस ने तत्काल स्मृति द्वार से काला झंडा हटवा दिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला सामाजिक सौहार्द्र बिगाड़ने का प्रयास लगता है। घटना के बाबत अवगत कराया। सूचना मिलते ही सीओ लालगंज भूपेश पांडेय, देवगांव व तरवां की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बताया कि ध्वज उतारने और काला झंडा लगाने वाले युवकों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। अभी किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। एहतियात के तौर पर गौतम नगर चट्टी और आसपास के क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
एसडीएम प्रशांत कुमार भी घटना स्थल पर पहुंचे और स्थिति की जानकारी ली। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि स्मृति द्वार जैसे सार्वजनिक स्थलों की गरिमा बनाए रखने के लिए दोषियों को चिह्नित कर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
रिपोर्ट-धीरज तिवारी