आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता देते हुए आर्यमगढ़ दुर्गा पूजा महासमिति द्वारा रविवार को जिला अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस महाभियान में युवाओं, महिलाओं एवं समिति के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेकर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई।
कार्यक्रम का शुभारंभ सीएमओ डा.नन्हकू राम वर्मा, डा. पूनम तिवारी, अशोक अग्रवाल, बाल कल्याण समिति अध्यक्ष रजनीश श्रीवास्तव, नीरज अग्रवाल एवं डॉ. अलका सिंह द्वारा रामदरबार के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
समिति के अध्यक्ष अरविंद मोदनवाल ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में जरूरतमंदों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना तथा आमजन में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि रक्तदान से न केवल किसी का जीवन बचाया जा सकता है, बल्कि यह स्वयं के स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी है। समिति भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी कार्य करती रहेगी।
ब्लड बैंक के चिकित्सकों एवं कर्मचारियों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन से अस्पताल में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित होती है, जिससे गंभीर मरीजों और दुर्घटना पीड़ितों को समय पर सहायता मिल पाती है।
सीएमओ डा. नन्हकू राम वर्मा, डॉ. पूनम तिवारी, अशोक अग्रवाल एवं सुभाष पांडे सहित अन्य अतिथियों को समिति द्वारा अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर दीनानाथ सिंह, आशीष गुप्ता (भाजपा), शिखा पांडेय, चंदन सिंह, डॉ. अनूप, गौरव रघुवंशी, ऋषिकेश गुप्ता, डॉ. अनुतोष वत्सल, हिमांशु राज, मिथुन निषाद, संतोष गुप्ता, हरेंद्र मौर्या, आशीष यादव, सूरज निषाद, सागर सेठ, विकास वर्मा, गौतम बरनवाल, विमल निषाद, आकाशदीप सिन्हा आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-दीपू खरवार