अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती को लेकर स्थानीय नगर पंचायत एवं आसपास के क्षेत्रों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। जयंती नजदीक आते ही बाजारों और दुकानों पर रौनक बढ़ गई है। युवाओं में विशेष उत्साह नजर आ रहा है और वे बढ़-चढ़कर तैयारियों में जुटे हैं।
नगर क्षेत्र की दुकानों पर नीले झंडे, बैनर, पोस्टर, बैज, गमछा और बाबा साहब के चित्रों की बिक्री जोरों पर है। बाजारों में सुबह से ही खरीदारी करने वालों की भीड़ उमड़ रही है। नगर समेत ग्रामीण इलाकों से भी लोग बड़ी संख्या में खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं।
स्थानीय निवासी अविनाश, राज कपूर, जितेंद्र, राजू कुमार और विजय ने बताया कि बाबा साहब हम सभी के आदर्श हैं। उनके द्वारा रचित संविधान ने देश के प्रत्येक नागरिक को समानता का अधिकार दिलाया और समाज से भेदभाव व छुआछूत जैसी कुरीतियों को दूर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि बाबा साहब के विचार आज भी समाज को दिशा देने का कार्य कर रहे हैं।
लोगों ने बताया कि वे पूरी श्रद्धा और जिम्मेदारी के साथ बाबा साहब की जयंती मनाते हैं। इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग भी पहुंचकर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित करते हैं तथा उनके विचारों को साझा करते हैं। जयंती को लेकर लोगों में इतना उत्साह है कि रविवार से ही बाजारों में खरीदारी शुरू हो गई है। नगर पंचायत सहित ग्रामीण क्षेत्रों की दुकानें नीले झंडों से सजी नजर आ रही हैं। वहीं दुकानदारों में भी काफी उत्साह देखने को मिल रहा है और वे इस अवसर को लेकर विशेष तैयारियां कर रहे हैं।
रिपोर्ट-आशीष निषाद