लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। देवगांव थाना पुलिस ने लिफ्ट देने के बहाने राहगीरों से लूटपाट करने वाले एक शातिर बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पिछले कुछ समय से क्षेत्र में सक्रिय था और लोगों को अपनी मोटरसाइकिल पर लिफ्ट देने के बहाने बैठाकर सुनसान रास्तों पर लूट की घटनाओं को अंजाम दे रहा था। आरोपी ने बीते 4 फरवरी को बेरमा विसम्भरपुर निवासी रामसूरत राम से 15 हजार रुपये और आधार कार्ड तथा 6 अप्रैल को लालगंज बाजार में दुर्देशी नामक व्यक्ति से 10 हजार रुपये लूटे थे।
शनिवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आंगन ढाबा के पास उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह भागने लगा। बेईली नहर पुलिया के पास बाइक फिसलने के बाद जब पुलिस ने उसे आत्मसमर्पण के लिए कहा, तो आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से वह घायल हो गया। पकड़े गए बदमाश की पहचान राहुल यादव निवासी मौधा, थाना खानपुर, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। आरोपी के पास से पुलिस ने एक देशी तमंचा, खोखा कारतूस, 15 हजार नकद, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, एक कीपैड मोबाइल और आधार कार्ड की प्रतियां बरामद की हैं। आरोपी के खिलाफ आजमगढ़ और मेहनाजपुर थानों में लूट के कई अन्य मुकदमे भी दर्ज हैं।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद