विरोध के बाद लौटी बिजली विभाग की टीम

शेयर करे

फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। 132 केवीए फूलपुर के बजाय सुदनीपुर विद्युत उपकेंद्र से सरायमीर उपकेंद्र की लाइन जोड़ने के प्रस्ताव को लेकर क्षेत्र में विरोध तेज हो गया है। कस्बावासियों और ग्रामीणों के तीखे विरोध के चलते शुक्रवार को लाइन बनाने पहुंची विद्युत विभाग की टीम को मौके से वापस लौटना पड़ा, जिससे मामला और गरमा गया है। कस्बावासियों एवं ग्रामीणों का कहना है कि पहले से 132 केवीए से सरायमीर उपकेंद्र को जोड़ने के लिए लाइन बनाई गई है। लेकिन विभाग खासतौर से फूलपुर कस्बा के लिए स्थापित सुदनीपुर उपकेंद्र से जोड़ने पर अड़ा है।
व्यापार मंडल अध्यक्ष अजय जायसवाल और समाजसेवी अंशुमान जायसवाल के नेतृत्व में लोगों ने एसडीएम अशोक कुमार को ज्ञापन सौंपकर योजना पर तत्काल रोक लगाने की मांग की थी। जिस पर एसडीएम द्वारा विभाग से आख्या मांगी गई है। वहीं फिल्म अभिनेत्री शबाना आजमी द्वारा डीएम से इस संबंध में बात की जा चुकी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सुदनीपुर उपकेंद्र पहले से ही ओवरलोड की समस्या से जूझ रहा है। ऐसे में यदि सरायमीर उपकेंद्र की लाइन भी इससे जोड़ दी गई, तो क्षेत्र में बिजली आपूर्ति और चरमरा जाएगी। इससे घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ व्यापारियों को भी भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।
ग्रामीणों ने बताया कि पहले उच्चाधिकारियों द्वारा आश्वासन दिया गया था कि सुदनीपुर की लाइन सरायमीर से नहीं जोड़ी जाएगी, लेकिन अब इस दिशा में तेजी से काम शुरू होने से लोगों में नाराजगी बढ़ गई है।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जनहित की अनदेखी कर इस योजना को लागू किया गया, तो वे आंदोलन और धरना प्रदर्शन के लिए बाध्य होंगे।
इस संबंध में एसडीओ फूलपुर व अधिशाषी अभियंता विद्युत बितरण खण्ड फूलपुर से मिलकर बात करने का प्रयास किया गया तो आफिस पर नही मिले, न ही फोन रिसीब कर रहे हैं।
इस मौके पर एसडीओ फूलपुर भूप सिंह, एसडीओ सरायमीर संदीप चंद्रा, जेई सरायमीर सुनील तिवारी, जेई सुदनीपुर देवेंद्र प्रताप सिंह के साथ ही क्षेत्र के अब्दुल्लाह, मोहम्मद आरिफ, पंकज, अवनीश कुमार, अखिलेश यादव आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *