आज़मगढ़ (सृष्टिमीडिया)। नगर के श्री अग्रसेन महिला महाविद्यालय में शुक्रवार को बीए, बीकॉम तृतीय वर्ष एवं एमए द्वितीय वर्ष की छात्राओं के लिए विदाई समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण छात्राओं द्वारा प्रस्तुत मनमोहक नृत्य एवं गीत रहा। प्रतियोगिता और प्रदर्शन के आधार पर चयन प्रक्रिया में कामिनी, प्राची, श्रद्धा, श्रुति एवं ज्योतिका को सामूहिक रूप से “मिस फेयरवेल” के खिताब से नवाजा गया। इसके साथ ही, मंच पर अपनी शानदार प्रतिभा बिखेरने वाली ज्योतिका को उनके उत्कृष्ट नृत्य के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
विदाई की इस बेला में छात्राएं अपने महाविद्यालयीय जीवन की स्मृतियों को साझा करते हुए भावुक नजर आईं। उन्होंने बीते तीन वर्षों के दौरान मिली सीख, गहरी मित्रता और कॉलेज की अनमोल यादों को शब्दों में पिरोया। छात्राओं ने शिक्षकों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यहां से मिले संस्कार और ज्ञान उनके भविष्य की नींव बनेंगे।
महाविद्यालय की प्राचार्य निशा यादव ने छात्राओं को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद देते हुए कहा कि विदाई केवल एक पड़ाव है, अंत नहीं। आप यहां से जो आत्मविश्वास लेकर जा रही हैं, वह आपको जीवन की हर परीक्षा में सफल बनाएगा। सदैव सत्य और परिश्रम के मार्ग पर चलकर समाज का नाम रोशन करें।
इस दौरान प्रो. अर्पिता मिश्रा, डॉ. अनुभा श्रीवास्तव, डॉ. सुषमा मौर्या, डॉ. रागिनी, डॉ. माहेजबी, डॉ. दीपिका दूबे, सपना साहू, डॉ. गरिमा अग्रवाल सहित महाविद्यालय का समस्त शैक्षणिक एवं शिक्षणेत्तर स्टाफ मौजूद रहा।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार