निर्माण कार्य में ढिलाई पर सीएमओ ने लगायी फटकार

शेयर करे

पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सीएमओ डा.एनआर वर्मा द्वारा बड़सरा खालसा स्थित 30 शैय्या निर्माणाधीन सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की प्रगति अपेक्षाकृत धीमी एवं असंतोषजनक पाई गई, जिस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्माण संस्था के ठेकेदार को फटकार लगाई।
सीएमओ ने स्पष्ट निर्देश दिया कि उक्त निर्माण कार्य को अत्यंत प्राथमिकता के आधार पर आगामी दो माह के भीतर हर हाल में पूर्ण किया जाए तथा कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश देते हुए कहा कि मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्माण संस्था को निर्देशित किया कि कार्य की प्रति सप्ताह अद्यतन प्रगति रिपोर्ट उनके कार्यालय को अनिवार्य रूप से प्रेषित की जाए।
सीएमओ ने निर्माणाधीन भवन के विभिन्न भागों का गहन निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा कार्य में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना सीधे जनहित से जुड़ी हुई है, अतः इसमें किसी भी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण कराया जाना अनिवार्य है।
रिपोर्ट-बबलू राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *