आज़मगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सिधारी थाना क्षेत्र के सुंदरपुर कॉलोनी में एक दर्दनाक हादसे में सुरेंद्र सिंह 65 वर्ष निवासी डिलिया मुबारकपुर की हाई वोल्टेज 33 हजार लाइन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
बताया जा रहा है कि सुरेंद्र सिंह अपने मकान के पास थे, तभी वहां से गुजर रहे हाई वोल्टेज तार की चपेट में आ गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि तार काफी नीचे और जर्जर स्थिति में था, जिससे यह हादसा हुआ। मृतक की पत्नी स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत हैं। परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं, जिनमें से एक बेटा और बेटी की शादी हो चुकी है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने सिधारी थाने में विद्युत विभाग के खिलाफ तहरीर देकर लापरवाही का आरोप लगाया है और कार्रवाई की मांग की है।
घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों द्वारा शव का अंतिम संस्कार दोहरीघाट स्थित मुक्तिधाम पर किया गया। स्थानीय लोगों ने कहा कि अगर समय रहते बिजली विभाग ने ढीले और खतरनाक तारों को ठीक कराया होता, तो यह हादसा टल सकता था।
रिपोर्ट-सुबास लाल