पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जनपद के हरैया ब्लॉक अंतर्गत चिलबिली दान चिलबिली गांव में बुधवार की देर रात आग लगने से अशोक पटेल के घर में रखा गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया। आग की चपेट में आने से एक भैंस की मौत हो गई, जबकि दूसरी भैंस गंभीर रूप से झुलस गई। आग बुझाने के दौरान अशोक पटेल और उनका पुत्र अभिमन्यु पटेल भी आंशिक रूप से झुलस गए।
ग्रामीणों और फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों की कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था यह आग अज्ञात कारणों से लगी। मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार की किराना की गुमटी की दुकान से 15,000 नगद, एक पंपिंग सेट और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। सूचना पाकर गुरुवार को हरैया पशु चिकित्सा अधिकारी सूर्यप्रकाश अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृत भैंस का पोस्टमार्टम कर जमीन में दफनाया, जबकि झुलसी दूसरी भैंस का उपचार किया। स्थानीय लेखपाल अनीता चौहान भी मौके पर पहुंची और आग से हुए नुकसान का आकलन कर इसकी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजने की बात कही। उन्होंने पीड़ित परिवार को आश्वासन दिया कि प्रशासन द्वारा जल्द से जल्द आवश्यक मदद प्रदान की जाएगी।
रिपोर्ट-बबलू राय