पटवध आज़मगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जनपद में गैंगस्टर एक्ट के तहत वांछित चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त राहुल यादव को एसटीएफ उत्तर प्रदेश ने हरियाणा के फरीदाबाद स्थित डीएलएफ क्राइम ब्रांच क्षेत्र के पास से एक अप्रैल की शाम दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार, राहुल यादव पुत्र प्रकाश यादव, निवासी सिसरेड़ी थाना बरदह लंबे समय से फरार चल रहा था। उस पर थाना देवगांव में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस को राहुल यादव की लोकेशन फरीदाबाद में मिलने की सूचना मिली। पुलिस उपाधीक्षक प्रमेश कुमार शुक्ल के पर्यवेक्षण में उप निरीक्षक जावेद आलम सिद्दीकी के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त ने पूछताछ में बताया कि वह वर्ष 2018 से लूट, चोरी, डकैती, आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामलों में शामिल रहा है। आजमगढ़ के कई थाना क्षेत्रों में अपने गिरोह के साथ मिलकर उसने वारदातों को अंजाम दिया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह परिवार से अलग होकर फरीदाबाद में छिपकर रह रहा था।
राहुल यादव के खिलाफ बरदह, देवगांव, कोतवाली, गंभीरपुर व तहबरपुर थानों में लूट, चोरी, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट व गैंगस्टर एक्ट समेत एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह पूर्व में जेल भी जा चुका है।
रिपोर्ट-बबलू राय