पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जनपद के बिलरियागंज क्षेत्र अंतर्गत विद्युत उपकेंद्र पटवध कौतुक से सप्लाई होने वाली बिजली व्यवस्था को लेकर श्रीनगर सियरहां गांव के ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। प्राथमिक विद्यालय श्रीनगर सियरहां के पास से गुजरे विद्युत तार को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। उनका कहना है कि विभाग की लापरवाही से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों के अनुसार, पहले विद्यालय के पूर्वी छोर से 440 वोल्ट का पुराना विद्युत तार खंभों के सहारे सुरक्षित तरीके से गुजरा हुआ था, जिससे किसी प्रकार की परेशानी नहीं थी। लेकिन हाल ही में बिजली विभाग द्वारा उस तार को हटाकर स्कूल के दूसरे गेट के सामने मुख्य मार्ग से दक्षिण दिशा की ओर शिफ्ट कर दिया गया।
सबसे गंभीर बात यह है कि जिस पोल से 440 वोल्ट का तार गुजारा गया है, उसी पोल पर ऊपर से 11,000 वोल्ट का हाईटेंशन तार भी गुजर रहा है, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से कोई सेफ्टी वायर या आवश्यक प्रोटेक्शन नहीं लगाया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि किसी कारणवश 11 हजार वोल्ट का तार टूटकर नीचे 440 वोल्ट लाइन पर गिर गया, तो पूरे गांव और बाजार में भीषण दुर्घटना हो सकती है।
इसी खतरे को देखते हुए ग्रामीणों ने एकजुट होकर श्रीनगर सियरहां बाजार में विभाग के खिलाफ विरोध जताया। साथ ही उन्होंने एक्सईएन (अधिशासी अभियंता) से मोबाइल पर वार्ता कर मामले की शिकायत मुख्यमंत्री एवं ऊर्जा मंत्री के पोर्टल पर भी दर्ज कराई है। इस दौरान प्रदर्शन में प्रमुख रूप से डॉ. विजेंद्र राय, विपिन राय उर्फ रिंकू राय, राजकुमार राय, शिम्पु राय, रामनयन राय, निशाकांत राय सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-बबलू राय