वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, पत्नी घायल

शेयर करे

पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र में शनिवार शाम को आजमगढ़-गोरखपुर मुख्य मार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।
जानकारी के अनुसार, मऊ जनपद के इब्राहिमाबाद (दोहरीघाट) निवासी 36 वर्षीय अभय मौर्य अपनी पत्नी शशिकला को ससुराल आजमगढ़ से लेकर वापस घर जा रहे थे। इसी दौरान शाम करीब 7 बजे जमीन हरखोरी स्थित सेकर्ड हर्ट स्कूल के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में अभय मौर्य की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी शशिकला गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। मृतक के भाई महेश मौर्य की तहरीर पर जीयनपुर पुलिस ने अज्ञात वाहन और चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि अभय मौर्य चार भाइयों में सबसे बड़े थे और गोरखपुर में चाय की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके दो पुत्र हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
रिपोर्ट-बबलू राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *