अवैध भण्डारण पर होगी कठोरतम कार्रवाई: सीआरओ

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जनपद में पेट्रोलियम पदार्थों यथा पेट्रोल एवं डीजल की सुचारु एवं निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में पेट्रोल पम्प एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं पेट्रोल पम्प संचालकों के साथ बैठक हुई।
मुख्य राजस्व अधिकारी ने सभी पेट्रोल पम्प संचालकों को निर्देशित किया कि जनपद में पेट्रोल एवं डीजल की विधिवत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। पेट्रोल पम्प पर वाहन के साथ आने वाले उपभोक्ताओं को उनकी आवश्यकता के अनुसार पेट्रोल एवं डीजल की बिक्री की जाएगी। किसी भी स्थिति में जमाखोरी अथवा अवैध भण्डारण के उद्देश्य से खरीद करने वाले व्यक्तियों को पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति न की जाए।
जनपद के सभी पेट्रोल पम्पों पर डीजल अथवा पेट्रोल उपलब्ध होने के बावजूद ‘स्टॉक उपलब्ध नहीं है’ संबंधी कोई भी भ्रामक या अनावश्यक डिस्प्ले बोर्ड प्रदर्शित न किया जाए। सीसीटीवी कैमरों को सदैव क्रियाशील रखा जाए, जिससे आपूर्ति एवं बिक्री व्यवस्था पर प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जा सके।
जिला पूर्ति अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि जनपद में मांग के सापेक्ष पेट्रोल एवं डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है तथा संबंधित पेट्रोलियम कंपनियों द्वारा पेट्रोल पम्पों पर लगातार आपूर्ति की जा रही है। वर्तमान में जनपद में किसी प्रकार की कमी नहीं है और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।
मुख्य राजस्व अधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। यदि कोई व्यक्ति अथवा फर्म पेट्रोल या डीजल की जमाखोरी अथवा अवैध भण्डारण करते हुए पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कठोर विधिक एवं दण्डात्मक कार्यवाही की जाएगी।
रिपोर्ट-सुबास लाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *