लोक कवि लालबहादुर चौरसिया ‘लाल’ की पुस्तक का हुआ लोकार्पण

शेयर करे

अहरौला आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। बनारस के बरजी गांव स्थित बनारस पब्लिक स्कूल में शनिवार को एक भव्य साहित्यिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां पुस्तक लोकार्पण एवं सम्मान समारोह उत्साहपूर्ण माहौल में भोजपुरी पांडुलिपि प्रकाशन योजना के अंतर्गत तथागत ट्रस्ट द्वारा किया गया। कार्यक्रम में गोपालगंज बाजार आजमगढ़ निवासी प्रसिद्ध लोक कवि एवं गीतकार लालबहादुर चौरसिया ‘लाल’ की अप्रकाशित भोजपुरी कृति ‘चुभे लागल बरगद के छाँव’ सहित कुल चार रचनाकारों की पुस्तकों का लोकार्पण किया गया।
इस पुस्तक का प्रकाशन भोजपुरी प्रकाशन द्वारा तथा वितरण सर्वभाषा प्रकाशन के माध्यम से किया गया है। मुख्य अतिथि के रूप में तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला उपस्थित रहे। अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार प्रो. सदानंद शाही ने की। वहीं संरक्षक के रूप में पूर्व आईएएस अधिकारी डॉ. नागेंद्र प्रसाद सिंह तथा तथागत ट्रस्ट की संचालिका डॉ. सोनी पांडेय भी मौजूद रहीं। सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से पुस्तक का लोकार्पण किया।
लोक कवि लालबहादुर चौरसिया ‘लाल’ को उनके साहित्यिक योगदान के लिए तथागत सम्मान से सम्मानित किया गया। उन्हें स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
उनकी रचनाएं आईसीएसई एवं सीबीएसई बोर्ड की हिंदी पाठ्यपुस्तकों में भी शामिल की जा चुकी हैं। इस उपलब्धि पर आजमगढ़ के साहित्यकारों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी है। वहीं लालबहादुर चौरसिया ‘लाल’ ने सभी सहयोगियों और पाठकों के प्रति आभार व्यक्त किया। बताया गया कि यह पुस्तक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म जैसे अमेजॉन और फ्लिपकार्ट पर भी उपलब्ध है, जहां से भोजपुरी साहित्य के प्रेमी इसे आसानी से प्राप्त कर सकते हैं।
रिपोर्ट-संतोष चौबे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *