फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के उद्पुर ग्राम पंचायत में स्थित एक बर्तन कारखाने और कोल्ड स्टोरेज में शुक्रवार शाम धुएं के विवाद को लेकर दबंगों ने हमला कर दिया। लाठी-डंडों और लोहे की राड से हुए हमले में कारखाने के मालिक कैलाशनाथ रूंगटा समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
कारखाने की चिमनी से निकल रहे प्रदूषित धुएं को लेकर पीछे रहने वाले मनोज यादव और उनके परिजनों से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। एल्मुनियम फैक्ट्री मालिक का कहना हैं मनोज यादव अपने 10-15 साथियों के साथ कारखाने पर पहुंच गया।
पीड़ित की तहरीर के मुताबिक, हमलावर लाठी-डंडा, ईंट और लोहे की राड से लैस थे। उन्होंने कारखाने में घुसकर गाली-गलौज की और विरोध करने पर मालिक कैलाशनाथ रूंगटा व कर्मचारियों पंकज, मोहन और कमलेश पर हमला कर दिया। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमलावरों ने कारखाने परिसर में खड़ी गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की। जब पुलिस को सूचना देने की कोशिश की गई तो हमलावरों ने जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए।
पीड़ित ने थाना में 5 नामजद समेत 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है और जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं दूसरे पक्ष मनोज का कहना है कि एल्मुनियम फैक्ट्री में चिमनी नही थी जिसकी शिकायत की गई थी और मालिक को चिमनी बनवाना पड़ा जिससे नाराज होकर फैक्ट्री मालिक ने मेरे, मेरे बच्चों के नाम मुकदमा लिखवा दिया जबकि प्रदूषित धुंए से पूरा मुहल्ला परेशान है।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय