फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। कंपोजिट विद्यालय अंबारी में विश्व वानिकी दिवस के अवसर पर शनिवार को एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाना रहा।
इस दौरान बच्चों ने एकांकी प्रस्तुत कर जल संरक्षण, वृक्षों के महत्व और पर्यावरण संतुलन जैसे विषयों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। प्रधानाध्यापक राजेश यादव ने कहा कि जल और जंगल दोनों ही जीवन के आधार हैं और इनके संरक्षण के बिना भविष्य सुरक्षित नहीं रह सकता। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के विभिन्न उपायों पर प्रकाश डाला और अधिक से अधिक पेड़ लगाने तथा जल की बचत करने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य अतिथि क्षेत्रीय वन अधिकारी सत्येंद्र मौर्य ने कहा कि पेड़ लगाना और जल संरक्षण करना हमारी परंपरा और जिम्मेदारी दोनों है। उन्होंने बताया कि अंधाधुंध विकास के कारण पेड़ों की कटाई, नदियों का क्षरण और जलाशयों का अतिक्रमण बढ़ा है, जिसके दुष्परिणाम अब सामने आने लगे हैं। असमय वर्षा, मौसम चक्र में बदलाव और बीमारियों का बढ़ना इसी का परिणाम है। उन्होंने बच्चों द्वारा प्रस्तुत एकांकी की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित भी किया। इसके बाद क्षेत्रीय वन अधिकारी द्वारा विद्यालय परिसर में पौधरोपण किया गया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्या कैफी आजमी गर्ल्स इंटर कॉलेज मेजवा की वंदना मिश्रा सहित सौरभ सिंह यादव, विवेक विश्वकर्मा, विवेक यादव, सत्यप्रकाश यादव, भरद्वाज सिंह, मधुसूदन यादव आदि उपस्थित रहे। संचालन दिनेश यादव ने किया।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय